भोपालपटनम क्षेत्र में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, माओवादी डम्प और 5 किलो का IED बरामद…
बीजापुर जिले के भोपालपटनम थाना क्षेत्र से सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता सामने आई है। सीआरपीएफ 214 बटालियन कैंप कांडलापर्ती और जिला बल की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान माओवादियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया।
अभियान के दौरान डी-माइनिंग कार्यवाही करते हुए कांडलापर्ती रोड से कुछ दूरी पर एक पगडंडी मार्ग पर माओवादियों द्वारा लगाया गया करीब 5 किलोग्राम वजनी IED बरामद किया गया। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सीआरपीएफ की बीडीडी टीम ने मौके पर ही IED को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।
इसके बाद आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें माओवादियों का एक डम्प भी बरामद हुआ। डम्प से 20 नग पटाखे सुतली बम, वायरलेस सेट की बैटरी, मोबाइल बैटरी व चार्जर, कार्डेक्स वायर, प्रेशर स्विच, माओवादी वर्दी, बिजली के तार, विभिन्न टूल्स, तिरपाल सहित माओवादी दस्तावेज एवं अन्य सामग्री जब्त की गई।
सुरक्षाबलों की सतर्कता, सूझ-बूझ और त्वरित कार्रवाई से माओवादियों की नापाक साजिश विफल हो गई। बीजापुर पुलिस के अनुसार क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान लगातार जारी है।



