जूटमिल पुलिस की कामयाबी: 48 घंटे में झपटमारी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, ₹2.02 लाख नकद व कार जब्त
रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में हुई बड़ी झपटमारी की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर झपटमारी की रकम ₹2 लाख 2 हजार नकद और घटना में प्रयुक्त आर्टिका कार जब्त की है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
घटना 22 दिसंबर की शाम की है, जब गढ़उमरिया पेट्रोल पंप के पास ₹2 लाख 40 हजार की नगदी झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया गया था। पीड़ित जशमन लकड़ा पिता संतराम लकड़ा, उम्र 42 वर्ष, निवासी चिराईखार थाना लैलूंगा, ने जूटमिल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार वह अपने परिचित प्यारेलाल कुर्रे से एक पुराना पिकअप वाहन ₹2.40 लाख में खरीदने का सौदा कर रायगढ़ आया था।
प्यारेलाल के कहने पर पीड़ित नगद रकम बैग में लेकर अपने बेटे और भाई के साथ गढ़उमरिया पेट्रोल पंप पहुंचा। वहीं पहले से योजना बनाकर बैठे आरोपियों ने बलपूर्वक बैग छीना और आर्टिका कार से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में थाना जूटमिल और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर टीम ने सक्ती जिले में दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी प्यारेलाल कुर्रे ने अपने साथियों किशन जांगड़े और संतोष महतो के साथ मिलकर झपटमारी की साजिश रचने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने घटना के बाद ₹25 हजार खर्च करना और शेष राशि आपस में बांटना बताया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹2,02,000 नगद और आर्टिका कार क्रमांक CG-13-BG-4568 जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 443/2025 धारा 304(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में जूटमिल थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की भूमिका सराहनीय रही।



