मणिकंचन केंद्र में भीषण आग, लाखों का कबाड़ जलकर खाक, मुआवजे की मांग…
धमतरी। जिले में आगजनी की एक बड़ी घटना सामने आई है। मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित मणिकंचन केंद्र में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। आग इतनी भयावह थी कि केंद्र से कई फीट ऊपर तक धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस आगजनी में मणिकंचन केंद्र को भारी नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि केंद्र में बड़ी मात्रा में कबाड़ी का सामान रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। नुकसान की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
मणिकंचन केंद्र में रोजाना की तरह काम करने पहुंचने वाली स्वच्छता दीदियों को जब आग लगने की जानकारी मिली, तब वे तत्काल केंद्र पहुंचीं, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। केंद्र की स्वच्छता दीदियों ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू पा लिया जाता तो नुकसान कम हो सकता था।
ग्रामीणों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बताया कि केंद्र में पानी बोर की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। अगर पानी की उचित व्यवस्था होती, तो आग को शुरुआती स्तर पर ही बुझाया जा सकता था। ग्रामीणों और स्वच्छता दीदियों ने इस लापरवाही को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के बाद भी कोई जनप्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने मांग की है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए केंद्र में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। मौके पर मौजूद पुलिस टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो



