लैलूंगा पुलिस की सख्ती: 25 क्विंटल अवैध धान व पिकअप वाहन जब्त, मंडी सचिव को दी गई सूचना
रायगढ़ जिले में अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन में दीगर प्रांतों से छत्तीसगढ़ की कृषि उपज मंडियों में अवैध रूप से धान खपाए जाने पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में लैलूंगा पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 क्विंटल अवैध धान और पिकअप वाहन को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात 25 दिसंबर 2025 को गश्त के दौरान थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से अवैध धान परिवहन की सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम कुपाकानी से पाकरगांव के मध्य मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर एक योद्धा पिकअप वाहन क्रमांक CG-14-MP-3493 को रोका और उसकी जांच की।
जांच के दौरान पिकअप वाहन में करीब 25 क्विंटल धान लोड पाया गया, जिसे अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान तरूण सिदार पिता मोहित राम सिदार, उम्र 21 वर्ष, निवासी सुस्डेगा मुड़ापारा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर तथा हेमन्त सिदार पिता शिवशंकर सिदार, उम्र 29 वर्ष, निवासी केरजू, चौकी केरजू, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा दोनों व्यक्तियों को धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस जारी किया गया, लेकिन वे किसी भी प्रकार के वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन सहित लगभग 25 क्विंटल धान को कारण सबूत में जप्त कर लिया। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब ₹77,500 बताई जा रही है।
मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए कृषि उपज मंडी समिति लैलूंगा के मंडी सचिव को विधिवत सूचना प्रेषित कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध धान परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



