बिलासपुर में अवैध निर्माण पर निगम का बुलडोजर एक्शन, ग्रीन पार्क कालोनी में रोड गार्डन की जमीन पर बना रहे थे गार्ड रूम
बिलासपुर। शहर में अवैध निर्माण के मामले में मंगलवार को नगर निगम ने दो स्थानों पर बुलडोजर एक्शन किया। एक स्थान पर रोड गार्डन की जमीन पर एक व्यक्ति द्वारा बनाए जा रहे गार्ड रूम तथा दूसरी जगह अनुमति विरूद्ध अवैध निर्माण के मामले में कार्रवाई की गई।
नगर निगम के बिल्डिंग आफिसर अनुपम तिवारी ने बताया कि नर्मदा नगर में प्रार्थना चौधरी द्वारा अनुमति विरूद्ध अवैध रूप से निर्माण कराया जा रहा है, जिसे आज बुलडोजर से हटा दिया गया। उन्होंने बताया कि पड़ोस में रहने वाले अमित शुक्ला ने अवैध निर्माण की शिकायत की थी, जिस पर संज्ञान लेकर प्रार्थना चौधरी को नोटिस दी गई थी। इसके बावजूद उन्होंने उस स्थान पर निर्माण के लिए ढलाई शुरू कराने का प्रयास किया, जिसे नक्शे में खुला छोड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि दूसरा बुलडोजर एक्शन ग्रीन पार्क कालोनी में भी किया गया। मौके पर रोड गार्डन की जमीन पर अवैध रूप से गार्ड रूम का निर्माण कराया जा रहा था, जिसे हटा दिया गया। अतिक्रमण रैनी एस गिर और मधुलिका लाल द्वारा किया गया था।
अवैध निर्माण पर 300 से अधिक लोगों को नोटिस
नगर निगम एरिया में यूं तो अवैध निर्माण के हजारों प्रकरण हैं, लेकिन नगर निगम की भवन अनुज्ञा शाखा और जोन कार्यालयों द्वारा दो महीने के अंदर 300 अधिक लोगों को अवैध निर्माण के मामले में नोटिस दी गई है। वहीं नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार द्वारा अवैध निर्माण के नियमितीकरण के लिए पिछले गुरूवार से शिविर का आयोजन किया गया । इसे राजीनामा सुनवाई का नाम दिया गया है, जिसके अंतर्गत पहले गुरुवार की सुनवाई में 25 आवेदन आए, जिसमें 22 प्रकरण राजीनामा के योग्य पाए गए।



