मालखरौदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दुष्कर्म के 2 आरोपी व सहयोग करने वाली 2 महिलाएं गिरफ्तार
सक्ती जिले मे पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म करने वाले दो आरोपियों व अपराध में सहयोग करने वाली दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 70(1), 127 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र का है।
पीड़िता को नौकरी का लालच देकर बनाया शिकार
जानकारी के अनुसार, पीड़िता के माता-पिता हैदराबाद में मजदूरी करते हैं और वह अपने बुजुर्ग दादा-दादी के साथ गांव में रहती है। 31 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 5 बजे, पीड़िता अपने गांव के बड़े तालाब के पास घूमने गई थी। इसी दौरान आरोपी झनकेश्वर चन्द्रा एक महिला लक्ष्मी महंत उर्फ मुस्कान के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा।
आरोपियों ने पीड़िता को कान की बाली, कपड़े और सक्ती में काम दिलाने का लालच देकर मोटरसाइकिल पर बैठाया और पहले झुलकदम स्थित लक्ष्मी महंत के घर ले गए, जहां उसे करीब एक घंटे तक रखा गया।
कमरे में बंद कर किया दुष्कर्म
इसके बाद पीड़िता को काम दिलाने के बहाने ग्राम डोंडकी में धनकुंवर यादव के घर ले जाया गया। आरोप है कि वहां रात के समय आरोपी झनकेश्वर चन्द्रा और प्रदीप निराला ने पीड़िता को कमरे में बंद कर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इस दौरान लक्ष्मी महंत उर्फ मुस्कान और धनकुंवर यादव ने पीड़िता को घर में रखकर अपराध को अंजाम देने में सहयोग किया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव (भा.पु.से.) ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
निर्देशों के पालन में पुलिस ने आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सभी चारों आरोपियों प्रदीप निराला (22 वर्ष), निवासी कुरदा, झनकेश्वर चन्द्रा (37 वर्ष), निवासी सोनादुला, दोनों थाना मालखरौदा, जिला सक्ती, लक्ष्मी महंत उर्फ मुस्कान (32 वर्ष), निवासी रघुनाथपुर, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा, हाल मुकाम झुलकदम, सक्ती, धनकुंवर यादव (45 वर्ष), निवासी ग्राम डोंडकी, थाना सक्ती, जिला सक्ती को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



