जांजगीर-चांपा से बड़ी खबर: मोबाइल के विवाद में युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ा, दो घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा गया
जांजगीर-चांपा जिले के सत्तीगुड़ी गांव में बुधवार दोपहर एक युवक के हाईटेंशन टावर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। लगभग 30 से 35 फीट ऊंचे टावर पर चढ़े युवक की पहचान करण कंवर (24) के रूप में हुई है। करीब दो घंटे तक चले ड्रामे के बाद पुलिस व ग्रामीणों की समझाइश से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
✔ बिजली प्रवाहित नहीं थी—बड़ा हादसा टला
राहत की बात यह रही कि जिस हाईटेंशन टावर पर युवक चढ़ा था उसमें उस समय बिजली सप्लाई बंद थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
✔ मोबाइल विवाद बना वजह
पंतोरा चौकी प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि करण कंवर दिहाड़ी मजदूर है।
घटना से पहले वह काम से घर लौटा तो उसे अपना मोबाइल नहीं मिला। मोबाइल उसके बड़े भाई के पास था, जो दूसरे राज्य में काम करने गया है। इसी बात को लेकर नाराज करण ने मां से नया मोबाइल दिलवाने की जिद की।
नाराज होकर वह दोपहर करीब 3 बजे घर से निकला और सीधे टावर पर चढ़ गया। ऊपर से वह लगातार मोबाइल फोन दिलाने की मांग करता रहा।
✔ दो घंटे की समझाइश
करीब दो घंटे तक पुलिस व ग्रामीण उसे समझाते रहे।
आखिरकार जब उसे नया मोबाइल दिलाने का आश्वासन मिला तो वह नीचे उतरने को तैयार हुआ। पुलिस व ग्रामीणों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
गांव में इस घटना को लेकर देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।



