जांजगीर-चांपा ब्रेकिंग: प्रेम संबंध के चलते महिला के प्रेमी ने पति पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत
जांजगीर-चांपा (अकलतरा)। जिले के कोटमीसोनार गांव में शनिवार को प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने गैती से महिला के पति पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरनाथ केवट नामक व्यक्ति पर उसकी पत्नी के प्रेमी ने गैती से वार कर दिया। हमले के बाद अमरनाथ को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। आरोपी स्कूटी से गांव आया था, और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
पुलिस जांच जारी, हथियार जब्त
घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना में प्रयुक्त हथियार (गैती) को जब्त कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।



