पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 17 मोटरसाइकिलें बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
धमतरी व आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से लोग परेशान थे। पुलिस थानों में लगातार बाइक चोरी की शिकायतें दर्ज हो रही थीं। इसी क्रम में 4 जुलाई 2025 को उत्तम तिवारी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उनकी हीरो फैशन प्रो बाइक (CG-05-X-8420) एयू बैंक के सामने से चोरी हो गई है।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और एक संदिग्ध को पकड़ कर जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बाइक चोरी की बात कबूल की। आरोपी की पहचान कश्यप पटेल, निवासी अड़ेगा, थाना केशकाल, जिला कोण्डागांव के रूप में हुई।
मुख्य आरोपी कश्यप पटेल ने पूछताछ में धमतरी सहित अन्य जिलों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के बताए अनुसार विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 13 एचएफ डिलक्स, 2 स्प्लेंडर, 1 टीकेएस स्पोर्ट्स और 1 पैशन प्रो सहित कुल 17 बाइकें बरामद कीं।
चोरी की गई बाइकों को आरोपी विल्लू कोर्राम और गणेश भारद्वाज को बेचने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी के नाम:- 1. कश्यप पटेल, पिता फागुराम पटेल (उम्र 54 वर्ष), ग्राम अड़ेगा, थाना केशकाल
2. विल्लू कोर्राम, पिता मनसाय कोर्राम (उम्र 29 वर्ष), ग्राम छींदपारा, थाना माकड़ी
3. गणेश कुमार भारद्वाज, पिता स्व. गुहाराम भारद्वाज (उम्र 57 वर्ष), ग्राम जरनडीह, थाना केशकाल
चोरी की घटनाएँ एयू बैंक टिकरापारा, श्रीराम हॉस्पिटल, चटर्जी अस्पताल, अंगारमोती परिसर (गंगरेल), चारामा बाजार (कांकेर), लखनपुरी और कोरर से हुई थीं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



