हत्या के 30,000 रुपये के इनामी फरार आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार
बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30,000 रुपये के इनामी और हत्या के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोहन राजपूत (30 वर्ष), पिता रज्जू राजपूत, निवासी ग्राम सोनपुरी, चौकी संबलपुर, थाना नवागढ़, जिला बेमेतरा के रूप में हुई है।
घटना का विवरण:
दिनांक 26 जुलाई 2025 को प्रातः मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना नवागढ़ के एक 12 वर्षीय बालिका हत्या मामले के इनामी फरार आरोपी को शनिचरी नदी किनारे देखा गया है। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली की पेट्रोलिंग टीम जिसमें आरक्षक रत्नाकर सिंह, राधारमण पटेल, विरेंद्र सिंह एवं डायल 112 के चालक शंभू बैस शामिल थे, मौके पर रवाना हुई।
टीम द्वारा मौके पर पहुँचकर संदिग्ध हुलिए के व्यक्ति को पकड़ा गया और थाना लाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सोहन राजपूत बताया। पुलिस रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि वह थाना नवागढ़, जिला बेमेतरा के अपराध क्रमांक 40/2025, धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज हत्या के मामले में वांछित है और उस पर ₹30,000 का इनाम घोषित था।
सूचना तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ बघेल को दी गई। उनके निर्देश पर बेमेतरा जिला पुलिस को सूचित कर आरोपी को विधिवत अग्रिम कार्यवाही के लिए नवागढ़ पुलिस टीम को सौंप दिया गया।



