पंचायत सचिव की हत्या का खुलासा, पति ही निकला हत्यारा — अबॉर्शन और बच्चों को लेकर विवाद बना कारण
कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत बांगो पंचायत की सचिव सुषमा खुसरो की रहस्यमयी मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। 22 वर्षीय सुषमा की हत्या उसके ही पति अभिनेक लदेर ने की थी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की है, जहां जिला जेल के पीछे एक किराए के मकान में सुषमा और अभिनेक साथ में रहते थे। बीते दिनों वहां सुषमा की जली हुई लाश मिली थी, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक जांच और पुलिस पूछताछ शुरू की गई थी।
लव मैरिज के बाद साथ रह रहे थे दोनों
जानकारी के अनुसार, सुषमा और अभिनेक दोनों ही अनुकंपा नियुक्ति पर पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थे। दोनों की मुलाकात ट्रेनिंग के दौरान हुई थी, जो बाद में दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। लगभग दो साल पहले दोनों ने लव मैरिज की थी, लेकिन इसकी जानकारी उन्होंने परिवार को नहीं दी थी। शादी के बाद दोनों कोरबा के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे थे।
गला घोंटकर की गई हत्या, फिर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश
घटना वाली रात दोनों के बीच अबॉर्शन और बच्चे को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, सुषमा लगभग एक माह की गर्भवती थी और दोनों के बीच इस बात को लेकर पहले भी अक्सर झगड़े होते थे। आरोपी पति ने उसी रात सुषमा का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद, उसने सुषमा की लाश को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। उसने गैस चालू कर घर में रखे कपड़े और कागज़ों में आग लगाई और घर का दरवाजा अंदर से बंद कर पीछे के दरवाजे से फरार हो गया।
जब मकान से धुआं निकलता देखा गया, तो पड़ोसियों ने 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलने पर सुषमा का जला हुआ शव मिला। आरोपी भी मौके पर पहुंचा और रोने का नाटक किया, जिससे पुलिस को शुरुआत में भ्रम हुआ।
माँ ने शव ले जाने से किया इनकार, पति ने दोस्तों के साथ किया अंतिम संस्कार
मृतका सुषमा के परिजनों ने शव ले जाने से इनकार कर दिया, जिससे आरोपी ने गांव के लोगों और अपने दोस्तों की मदद से खुद ही अंतिम संस्कार कर दिया।
CCTV और पूछताछ से हुआ बड़ा खुलासा
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने जानकारी दी कि एसपी के निर्देश पर पांच टीमें गठित की गई थीं। करीब 65 CCTV फुटेज खंगाले गए और लगातार पूछताछ की गई। इसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना
गुनाह कबूल कर लिया है।



