भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को रौंदा, पति की मौत, पत्नी गंभीर घायल…..
कटघोरा से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पति-पत्नी को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है।
घटना कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के लखनपुर मुख्य मार्ग की है। बताया जा रहा है कि 38 वर्षीय प्रताप पटेल और उनकी पत्नी 35 वर्षीय सुशीला पटेल विजयपुर गांव से बाइक पर सवार होकर कटघोरा सामान खरीदने जा रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार डस्टर कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रताप पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुशीला पटेल गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने 112 को सूचना दी और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
कटघोरा पुलिस के अनुसार, कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक प्रताप पटेल पेशे से किसान थे और अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



