जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन आज जिला ऑडिटोरियम, जांजगीर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस महोत्सव का उद्देश्य जिले के युवाओं को कला और संस्कृति के क्षेत्र में अधिक से अधिक अवसर प्रदान करना था। 15 से 29 वर्ष की आयु वर्ग के युवाओं के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें लोक नृत्य, लोकगीत (समूह और एकल), कहानी लेखन, चित्रकला, तात्कालिक भाषण, कविता, हस्तशिल्प, विज्ञान मेला, टेक्सटाइल, कृषि उत्पाद, और रॉक बैण्ड शामिल थे।
विद्यार्थियों द्वारा आयोजित साइंस प्रदर्शनी ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बनाया। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सहायक कलेक्टर श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए स्वामी विवेकानंद के विचारों को याद किया और आत्मविश्वास तथा राष्ट्र सेवा के महत्व पर बल दिया। नगर पालिका अध्यक्ष भगवानदास गढ़ेवाल ने युवाओं की उपलब्धियों को सराहा और कहा कि वे विभिन्न क्षेत्रों में राज्य और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सुमित बघेल, गुलाब चंदेल, जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन व्याख्याता दीपक यादव ने किया।