धमतरी में रेलवे निर्माण सामग्री चोरी का खुलासा, 7 शातिर चोर गिरफ्तार, 1.80 लाख का सरिया और मेटाडोर जब्त
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रेलवे निर्माण सामग्री चोरी के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कन्हारपुरी के पास निर्माणाधीन रेलवे टीएसएस साइट से चोरी हुई 120 नग 32 एमएम लोहे की सरिया को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में 7 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। बरामद सामग्री की कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई जा रही है, साथ ही चोरी में प्रयुक्त मेटाडोर वाहन भी जब्त किया गया है।
घटना 8-9 सितंबर 2025 की मध्यरात्रि 2-3 बजे के बीच की है, जब अज्ञात चोरों ने निर्माण स्थल से सरिया चोरी कर ली थी। अपराध दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार जांच कर रही थी। पूछताछ में आरोपी विष्णु दास मानिकपुरी ने अपने साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार किया, जिसके आधार पर अन्य आरोपियों—चंद्रभुषण सिंह, शेख फैजल, टी. शिव कुमार, ओमप्रकाश बंजारे, सुग्रीम राम और आकाश गुप्ता—को गिरफ्तार किया गया।
एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड भी दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों पर लगाम लगाने का संदेश गया है।



