कांकेर: चारामा पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया धान चोरी का मामला, 13 बोरी धान बरामद
कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र से धान चोरी का मामला सामने आया है, जहाँ रतेसरा निवासी खिलावन सिन्हा के घर से 13 बोरी धान चोरी हो गया था। प्रार्थी ने 17 जनवरी को थाना चारामा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया कि उनके घर के पर्छी में रखे 13 कट्टा धान को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है।
शिकायत के आधार पर थाना चारामा में अपराध क्रमांक 13/2026 धारा 331(4), 305(क) भा.न्या.सं. के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। चारामा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सूरज देवांगन ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर स्कूटी एक्टिवा से प्रार्थी के घर पहुँचकर धान की चोरी की थी। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। चोरी की गई 13 बोरी धान को पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी सूरज देवांगन पिता स्वर्गीय सुरेश देवांगन उम्र 25 वर्ष निवासी दरगहन थाना चारामा जिला कांकेर तथा विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है।



