सिरदर्द का उपचार कराने पहुंची थी महिला, पर्दा लगाकर जांच के दौरान गलत हरकत करने का आरोप; बाराद्वार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा
सक्ती। जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र में इलाज के बहाने महिला से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में पुलिस ने एक झोलाछाप डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इलाज के दौरान छेड़छाड़ का आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने बाराद्वार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उसकी तबीयत ठीक नहीं थी और सिर में दर्द होने की शिकायत उसने अपने पति को बताई थी। इसके बाद वह गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर के पास उपचार कराने पहुंची।
महिला के आरोप के मुताबिक, डॉक्टर ने पर्दा लगाकर उसे टेबल पर लेटाया और पेट की जांच करने के बहाने गलत नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
महिला की शिकायत मिलने के बाद बाराद्वार पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



