अकलतरा में सिलसिलेवार चोरी का पर्दाफाश — कस्तूरी ट्रेडर्स चोरी कांड के 4 आरोपी गिरफ्तार, लाखों की रकम-जेवरात बरामद
जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई सिलसिलेवार चोरी का थाना अकलतरा पुलिस व सायबर टीम ने बड़ा खुलासा किया है। कस्तूरी ट्रेडर्स में हुई बड़ी चोरी में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने लगभग 3 लाख रुपये नगद, सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के 28 सिक्के, तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल एवं एक ऑटो बरामद किया है। दो आरोपी अब भी फरार हैं।
घटना का विवरण : प्रार्थी अर्चित अग्रवाल ने 23 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21-23 नवंबर के बीच परिवार सहित शादी समारोह में खरसिया गये थे। लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। भीतर का सामान अस्त-व्यस्त था और सीसीटीवी का हार्ड डिस्क चोरी मिले। नगदी, सोने-चांदी के जेवरात और चांदी के सिक्के भी गायब थे। मामले में धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
घटना गंभीर होने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम, फिंगरप्रिंट व डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। शहर भर के सीसीटीवी कैमरों की जाँच की गई। चार दिन की लगातार मेहनत के बाद पुलिस को संजय नगर के अफरोज खान और किशन कश्यप पर संदेह हुआ।
कैसे रची गई चोरी की साजिश?
पूछताछ में अफरोज खान ने बड़ा खुलासा किया—किशन कश्यप पूर्व में कस्तूरी ट्रेडर्स में काम के सिलसिले में कई बार आ-जा चुका था, इसलिए दुकान व घर की पूरी जानकारी उसे थी। 21-22 नवंबर की रात अफरोज, किशन और अनिल साहू ने सीसीआई ग्राउंड में बैठकर चोरी की प्लानिंग की। अनिल ने बाइक से दोनों आरोपियों को गली तक छोड़ा। किशन व अफरोज सब्बल लेकर ग्रिल का ताला तोड़कर अंदर घुसे। पहले सीसीटीवी DVR का हार्ड डिस्क निकाला, फिर ऊपर कमरे की अलमारी तोड़कर सभी जेवरात, सिक्के और नगदी बैग में भरकर ले गये। चोरी का पूरा सामान अफरोज ने अपने ऑटो में छिपा दिया।
सीसीटीवी फुटेज वायरल: फिर शुरू हुई ब्लैकमेलिंग चोरी के बाद जब फुटेज वायरल हुए तो राजेश रगड़े उर्फ दादा, सुभाष रगड़े उर्फ बाबू और राजेश सिदार ने फुटेज देखकर अफरोज को बुलाकर ब्लैकमेल किया और हिस्सेदारी की मांग की।
अफरोज ने बिलासपुर ले जाकर— किशन को 1,00,000 रुपये राजेश रगड़े उर्फ दादा को 50,000 रुपये , सुभाष रगड़े उर्फ बाबू को 20,000 रुपये , राजेश सिदार को 82,000 रुपये देने की बात स्वीकारी।
पुलिस ने अफरोज के बताये अनुसार— ₹2,11,000 नगद, 27 चांदी के सिक्के, सोना-चांदी के अंगूठी, बिछिया, राखी, बेलपत्र, त्रिशूल, मछली आदि ज्वेलरी, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, घटना में प्रयुक्त ऑटो जप्त किया। राजेश रगड़े से 50 हजार रुपये, सुभाष रगड़े से 20 हजार तथा प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।

अन्य चोरियों में भी शामिल निकले आरोपी
थाना अकलतरा क्षेत्र में स्थित मां मोबाइल (24 नवंबर) और साईं डेलीनीड्स (25 नवंबर) में भी छत तोड़कर हुई चोरी को अफरोज और किशन ने कबूल किया।
अफरोज से इन दुकानों की चोरी की कुल 13,000 रुपये की नगदी बरामद की गई। किशन अब भी फरार है और उससे चोरी की शेष रकम व सामान बरामद किया जाना शेष है।
गिरफ्तार आरोपी : 1. सुभाष रगड़े, 21 वर्ष , 2. अफरोज खान, 30 वर्ष , 3. राजेश रगड़े, 40 वर्ष , 4. अनिल साहू, 34 वर्ष , दो आरोपी किशन कश्यप एवं राजेश सिदार फरार हैं।
पुलिस टीम का उत्कृष्ट योगदान : चोरी का पर्दाफाश करने में महत्वपूर्ण भूमिका—अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व मेंअनुविभागीय अधिकारी अकलतरा , सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक , थाना प्रभारी भास्कर शर्मा , सायबर टीम: सउनि विवेक सिंह , थाना अकलतरा टीम: ASI राजेंद्र सिंह क्षत्रिय, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, मनोज तिग्गा, विवेक सिंह, आरक्षक गिरीश कश्यप, माखन साहू, सहबाज खान, रोहित कहरा, श्रीकांत सिंह , महिला प्रधान आरक्षक स्वाति, आरक्षक भूषण राठौर, गौकरण, राजा जयप्रकाश, राज पाण्डेय की सराहनीय भूमिका रही।



