सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं : सीएम साय
17 सितंबर की शाम 7 बजे हर घर में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, सेवा-सफाई और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ने की अपील
सक्ती, 16 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सेवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है। अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाते हुए लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनसेवा से जुड़े कार्यों में सहभागी बनना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित रहे हैं। उनके जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर अभियान की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने गांव, शहर और आसपास के क्षेत्रों में सेवा कार्य करने तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
शाम 7 बजे जलाएं ‘आशीर्वाद का दीया’
मुख्यमंत्री साय ने विशेष अपील करते हुए कहा कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे प्रत्येक परिवार अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाए। साथ ही आसपास के लाभार्थी परिवारों को भी इस पहल से जोड़ने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि यह दीया प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की शुभकामनाओं के साथ सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बने।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित छत्तीसगढ़ जरूरी है। गांवों, शहरों और प्रत्येक परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में जनभागीदारी की अहम भूमिका है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान किया।



