हसौद में नकली नोट चलाने की कोशिश का आरोप, दो युवक पकड़े गए; पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
धमनी और हसौद में नकली नोट खपाने की कोशिश का दावा, तलाशी में 1,100 रुपये के कथित नकली नोट मिलने की चर्चा
सक्ती/हसौद। जिले के हसौद क्षेत्र में कथित तौर पर नकली नोट चलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। शुक्रवार, 23 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे हसौद के बजरंग चौक स्थित एक डेलीनीड्स दुकान के पास स्थानीय युवकों ने दो युवकों को पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों युवक धमनी और हसौद क्षेत्र में नकली नोट चलाने की कोशिश कर रहे थे।
तलाशी में 1,100 रुपये के नकली नोट मिलने का दावा
मिली जानकारी के अनुसार, पकड़े गए दोनों युवकों ने पूछताछ के दौरान खुद को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कोसीर क्षेत्र के कहरापारा का निवासी बताया। दोनों होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 13 AJ 9089 से पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि तलाशी के दौरान उनके पास से 1,100 रुपये के कथित नकली नोट मिले। इसके बाद स्थानीय युवकों ने दोनों को नोटों सहित हसौद पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, बरामद नोटों की वास्तविक स्थिति और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
कुछ ही घंटों में छोड़े जाने की चर्चा
मामले में उस समय सवाल उठने लगे, जब दोनों युवकों को पुलिस के हवाले किए जाने के कुछ ही घंटों बाद छोड़े जाने की चर्चा क्षेत्र में फैल गई। यदि नकली नोट मिलने की बात सही है, तो यह जानना महत्वपूर्ण है कि पुलिस ने नोटों की जांच कराई या नहीं और पूछताछ में क्या तथ्य सामने आए।
फिलहाल, दोनों युवकों के खिलाफ की गई कार्रवाई और कथित नकली नोटों की जांच को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है। पुलिस का पक्ष मिलने के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
नोट:-मामले में सम्बंधित थाना प्रभारी से पक्ष जानने फोन कर संपर्क किया गया मगर कॉल रिसीव नहीं किया गया है। यदि काल अति है तो अपडेट किया जाएगा।



