नहर में बहता आया बुजुर्ग महिला का शव, बरदुली-तुमीडीह में मची सनसनी; पहचान में जुटी पुलिस
हसौद। बरदुली-तुमीडीह नहर माइनर में मंगलवार सुबह पानी के साथ एक बुजुर्ग महिला का शव बहता मिला। नहर में शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतका की उम्र करीब 55 से 60 वर्ष बताई जा रही है। महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस के लिए फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती शव की शिनाख्त करना है। इसके लिए आसपास के गांवों के साथ ही दूसरे थाना क्षेत्रों में भी महिला की पहचान कराने की कवायद शुरू कर दी गई है।
नहर में पानी के साथ बहकर आया शव
ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार सुबह नहर माइनर में पानी बह रहा था। इसी दौरान पानी के साथ एक महिला का शव बहता दिखाई दिया। सूचना फैलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हसौद पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मौत कैसे हुई, जांच के बाद होगा खुलासा
महिला की मौत नहर में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा होने की उम्मीद है।
हसौद थाना प्रभारी विंटन साहू ने बताया कि मंगलवार को माइनर नहर में एक महिला का शव मिला है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर जांच की जा रही है। महिला की उम्र करीब 55 से 60 वर्ष है। आसपास के सभी थानों और गांवों में महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। आगे जानकारी मिलने पर स्थिति स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस ने शव को सुरक्षित रखकर शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं। आसपास के क्षेत्रों में महिला के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। महिला की पहचान होने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि वह कहां की रहने वाली थी और नहर तक कैसे पहुंची।



