- हसदेव नदी के बैराज के पास मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान में जुटी चांपा पुलिस
स्थानीय लोगों ने पानी से निकाला शव, पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया
जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम कुदरी स्थित हसदेव नदी के बैराज के पास बुधवार सुबह पानी में एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने शव को पानी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सरपंच पति आरके यादव के अनुसार, बुधवार सुबह गांव के कुछ लोग बैराज के पास घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने पानी में युवक का शव तैरता देखा। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
सूचना मिलने पर चांपा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के पहने हुए कपड़ों की तलाशी ली, लेकिन पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या अन्य जानकारी नहीं मिली। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल, चांपा भेजा गया है, जहां उसे फिलहाल मर्चुरी में रखा गया है।
आसपास के थानों में भेजी गई तस्वीरमृतक की पहचान कराने के लिए पुलिस ने उसकी तस्वीर आसपास के थाना क्षेत्रों के प्रभारियों को भेजी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं किसी थाने में किसी व्यक्ति की गुमशुदगी की रिपोर्ट तो दर्ज नहीं है।
मृतक युवक ने पीले रंग की टी-शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी।
पुलिस की आम लोगों से अपीलचांपा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक की तस्वीर या उसके पहनावे के आधार पर पहचान कर सके, तो तत्काल चांपा थाने में सूचना दें, ताकि मृतक की पहचान कर शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा सके।
मामला चांपा थाना क्षेत्र का है।



