जांजगीर में ऑनलाइन सट्टा ऐप ‘BDG’ के अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा, मास्टरमाइंड महाराष्ट्र से गिरफ्तार
‘बिग डैडी गेम’ के जरिए सट्टा संचालित करने का आरोप, पूर्व में 6 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा ऐप ‘BDG’ यानी बिग डैडी गेम के जरिए अवैध सट्टा कारोबार संचालित करने के मामले में अंतरराज्यीय आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी किरण महादु साल्वे को इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। मामले में पूर्व में 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस की कार्रवाई में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के मोबाइल ऐप, व्हाट्सएप ग्रुप, टेलीग्राम चैनल और USDT क्रिप्टो डिजिटल करेंसी के माध्यम से किए जा रहे वित्तीय लेन-देन का खुलासा हुआ है। आरोपी के बैंक खाते में मौजूद राशि को भी फ्रिज कराया गया है।
मोबाइल ऐप से चल रहा था सट्टा नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, साइबर थाना जांजगीर को सूचना मिली थी कि न्यू चंदनियापारा लिंक रोड निवासी हेमलाल यादव मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में रेड कार्रवाई की।
पूछताछ के दौरान हेमलाल यादव ने ‘BDG बिग डैडी गेम’ नामक ऑनलाइन सट्टा गेम खेलने और इसके बड़े नेटवर्क की जानकारी दी। उसने बताया कि उसे इस गेम की आईडी शैलेंद्र कुमार शर्मा ने उपलब्ध कराई थी।
कमीशन के आधार पर फैलाया जा रहा था नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और हेमलाल यादव के मेमोरेंडम के आधार पर शैलेंद्र कुमार शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में शैलेंद्र ने बताया कि वह BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप की मास्टर आईडी और लिंक व्हाट्सएप के माध्यम से अन्य सहयोगियों तक पहुंचाता था। यह नेटवर्क मार्केटिंग की तर्ज पर काम करता था। लिंक के जरिए नए लोगों को जोड़ने और उनके द्वारा सट्टे में रकम लगाने पर ऊपर के एडमिन को कमीशन मिलता था। शैलेंद्र शर्मा की निशानदेही पर अन्य चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया था।
टेलीग्राम चैनल के जरिए जांजगीर में फैलाया गया नेटवर्क
शैलेंद्र शर्मा ने पूछताछ में बताया कि किरण साल्वे ने टेलीग्राम पर ‘ईगल BDG गेम’ नाम से चैनल बनाया था और उसी के माध्यम से शैलेंद्र को जांजगीर जिले का प्रमुख एडमिन बनाया गया था।
पुलिस के मुताबिक, BDG गेम में रकम डालने के लेन-देन में शैलेंद्र शर्मा को कमीशन मिलता था, जबकि जिले के लोगों द्वारा ऐप में जमा की गई रकम के आधार पर किरण साल्वे को भी कमीशन प्राप्त होता था।
टेलीग्राम और व्हाट्सएप चैटिंग तथा पैसों के लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर किरण साल्वे को आरोपी बनाया गया। साइबर थाना जांजगीर की टीम ने उसे पुणे, महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर जांजगीर लाया और न्यायालय के समक्ष पेश किया।
आरोपी का विवरण
किरण महादु साल्वे, पिता अलमता साल्वे, निवासी दत्ता नगर, थाना दौड़, जिला पुणे, महाराष्ट्र।
पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते में मौजूद राशि को फ्रिज कराने की कार्रवाई भी की है। मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 7 एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस की आम जनता से अपील
जांजगीर-चांपा जिला पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के ऑनलाइन सट्टा-जुआ या ऐप आधारित वित्तीय धोखाधड़ी के प्रलोभन में न आएं। पुलिस ने कहा है कि ऐसे अवैध कृत्यों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



