17 सितंबर की शाम सक्ती में जगमगाएंगे ‘आशीर्वाद के दीये’, सांसद कमलेश जांगड़े ने की जनभागीदारी की अपील
योगेंद्र साहू / सक्ती
सक्ती जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर की शाम 7 बजे जिलेभर में एक साथ दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े ने जिलेवासियों से अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर अभियान से जुड़ने की अपील की है।
सांसद ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा, सद्भाव और जनभागीदारी का संदेश देने के लिए जिले के विकासखंडों, गांवों, सार्वजनिक स्थलों, शासकीय कार्यालयों सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, बुजुर्गों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों से इसमें सहभागिता की अपील की।
अभियान के दौरान सेवा संकल्प यात्रा, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता, सेवा गतिविधियों सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
सांसद ने कहा कि 17 सितंबर की शाम हर घर में जलने वाला ‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा और सद्भाव का संदेश बने।



