अज्ञात वाहन की चपेट में आए वानर का विधि-विधान से अंतिम संस्कार
रफ्तार ने ली बेजुबान की जान, जीवन साहू ने राहगीरों के सहयोग से निभाई इंसानियत
बिर्रा। महानदी सलिहाघाट-भटगांव मार्ग पर बंदारी के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक वानर की मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर वानर का शव पड़ा रहा। इसी दौरान भटगांव की ओर जा रहे माटी के संदेश के जिला ब्यूरो जीवनलाल साहू की नजर शव पर पड़ी।
जीवन साहू ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए राहगीरों को रोका और उनके सहयोग से मृत वानर के शव को सड़क से हटाकर विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया। इस दौरान अमन डहरिया, अलोक सिदार, जीतेश्वर यादव, यशवंत साहू और रुस्तम सहित अन्य राहगीर मौजूद रहे।
बताया गया कि भटगांव रोड पर अक्सर वानरों का समूह दिखाई देता है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के कारण इनके दुर्घटना का शिकार होने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की जरूरत बताई।
मंदिर निर्माण में भी सहयोग का ऐलान
अंतिम संस्कार के बाद जीवन साहू ने बंदारी के सरपंच को फोन कर घटनास्थल के पास एक छोटा मंदिर बनवाने की बात कही। उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए अपनी ओर से ईंट उपलब्ध कराने का सहयोग देने की बात कही है। वहीं जीतेश्वर यादव ने सीमेंट उपलब्ध कराने में सहयोग की घोषणा की।
एक ओर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बेजुबान वानर की जान चली गई, वहीं दूसरी ओर जीवन साहू और राहगीरों की पहल ने जीव-जंतुओं के प्रति संवेदना और मानवता की मिसाल पेश की।



