*श्री राम मंदिर किरारी में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, 145 दीपों से जगमगाया मंदिर परिसर*
सक्ती, 17 सितम्बर 2026// सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत डभरा के ग्राम पंचायत किरारी स्थित श्री राम मंदिर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए 145 दीप प्रज्ज्वलित किए। एक साथ जलते दीपों से श्री राम मंदिर परिसर प्रकाशमय हो उठा और वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण नजर आया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने ग्राम किरारी में सामाजिक एकजुटता एवं सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया। ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से यह आयोजन सेवा संकल्प अभियान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बना।



