अड़भार में जगमगाया अटल परिसर, गूंजा सेवा और संकल्प का संदेश
सक्ती। सेवा संकल्प अभियान के तहत मालखरौदा विकासखंड में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में लोगों का उत्साह देखते ही बना। अटल परिसर अड़भार में नगरवासियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प को मजबूत किया।


एक साथ जलाए गए दीपों से अटल परिसर रोशनी से जगमगा उठा। इस दौरान ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। दीप प्रज्वलन के साथ लोगों ने सेवा और जनकल्याण के कार्यों में भागीदारी का संकल्प लिया।
कार्यक्रम केवल अटल परिसर तक सीमित नहीं रहा। मालखरौदा विकासखंड के विभिन्न मंदिर परिसरों, पंचायत भवनों, पीएम आवास, चौक-चौराहों, अमृत सरोवरों और शासकीय उचित मूल्य दुकानों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए।
सामूहिक दीप प्रज्वलन से गांवों में उत्सव जैसा माहौल रहा और ‘आशीर्वाद का दीया’ जनभागीदारी के उत्सव के रूप में नजर आया।



