17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
विकसित भारत-2047 का संकल्प जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी, वासु जैन जिला नोडल अधिकारी
सक्ती। विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से आम लोगों को जोड़ने के लिए जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जनसेवा, जनकल्याण और सरकार की योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।

छत्तीसगढ़ शासन के दिशा-निर्देशों के तहत अभियान के सफल संचालन के लिए कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के समन्वय और मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी जिला पंचायत सक्ती के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है।
वहीं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कुमुदिनी बाघ द्विवेदी और जनसंपर्क अधिकारी श्री आनंद दुबे को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
अभियान के जरिए प्रत्येक परिवार को विकास और जनकल्याण की गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। शासन की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और जनभागीदारी बढ़ाने पर भी फोकस रहेगा।



