बड़ा हादसा टला:- लोहे से भरी ट्रक पुल से नीचे गिरी, चालक गंभीर घायल, रायपुर रेफर
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत देमार गांव के पास भखारा रोड स्थित पुल से लोहे (सरिया) से भरी एक ट्रक करीब 10 फीट नीचे गिर गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गनीमत रही कि ट्रक चालक की जान बच गई, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे का पूरा घटनाक्रम….
जानकारी के अनुसार ट्रक में भारी मात्रा में सरिया लदा हुआ था। पुल के पास पहुंचते ही ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल से नीचे जा गिरी। गिरते ही ट्रक पलट गई, जिससे ट्रक के सभी पहिए ऊपर की ओर हो गए और सरिया ट्रक के नीचे दब गया। हादसे में चालक ट्रक के भीतर फंस गया।
ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता….
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकाला। प्राथमिक सहायता के लिए उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस जुटी जांच में…
हादसे की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ओवरलोडिंग या तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
बड़ा नुकसान टला….
पुल के नीचे गिरने के बावजूद आसपास कोई राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जान-माल का नुकसान टल गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करने की मांग की है।फिलहाल घायल चालक का इलाज रायपुर में जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।



