महासमुंद में गांजा तस्करी: ओडिशा से दुर्ग ले जाते समय 22 किलो गांजा जब्त, तीन गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी का एक बड़ा मामला पकड़ा है। कोमाखान के टेमरी नाका पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक डिजायर कार से 22 किलो गांजा बरामद किया। गांजे की कीमत 3.30 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ओडिशा नंबर की डिजायर कार को रोका। कार चालक की पहचान किशन पटेल (47) के रूप में हुई, जो कोटीपदर थाना राजा खरियार, नुआपाड़ा, ओडिशा का रहने वाला है। कार की डिक्की से गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में पता चला कि वाहन मालिक धनेश्वर नाग ने किरण नायक से गांजा लेकर दुर्ग के मछली मार्केट में महेश देवार और आनंद देवार को देने का काम सौंपा था। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर खुर्सीपार, दुर्ग से महेश देवार (40) और उसके दामाद आनंद देवार (22) को भी गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले भी किरण नायक से दो-तीन बार गांजा मंगवा चुके हैं, जिसे पुड़िया बनाकर बेचते थे। पुलिस ने महेश से एक हजार रुपए नकद और आनंद से एक मोबाइल जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।



