गौ सम्मान आह्वान अभियान गौसेवा सम्मान दिवस 2026
“भूले नहीं, याद रखें” — आज दिनांक 27 अप्रैल 2026 को गौ सम्मान आह्वान अभियान (गौसेवा सम्मान दिवस) के रूप में समर्पित किया गया। इस अभियान के प्रधान संरक्षक के रूप में गौमाता आदिशक्ति मां सुरभि, अध्यक्ष नंदी बाबा (नील मणि) वृषभदेव जी के आशीर्वाद तथा भारतीय परंपरा के समस्त आराध्य देवी-देवताओं की प्रेरणा से इस यज्ञ रूपी अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार एवं देश के सभी राज्यों से संविधान के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रार्थना करते हुए भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रहित में संपूर्ण देसी गौवंश को राष्ट्रीय सम्मान दिलाना है।
अभियान के प्रमुख मांगों में भारत में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा, राष्ट्रीय धरोहर का सम्मान, गौसेवा हेतु केंद्रीय कानून लागू करना, केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय का गठन तथा गोचर भूमि संरक्षण हेतु बोर्ड का निर्माण शामिल है। साथ ही गौ आधारित कृषि को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों को भी प्रमुखता से रखा गया।
इन्हीं उद्देश्यों को लेकर आज 27 अप्रैल 2026 को कोसा, कासा, कंचन की पवित्र नगरी चांपा (छत्तीसगढ़) में गौ प्रेमियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नारी शक्तियों द्वारा तहसील एवं जिला प्रशासन के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, महामहिम राज्यपाल एवं माननीय मुख्यमंत्री (छत्तीसगढ़ शासन) के नाम प्रार्थना पत्र सौंपा गया।
भीषण गर्मी (43 डिग्री से अधिक तापमान) के बावजूद हजारों गौ सेवकों एवं श्रद्धालुओं का उत्साह देखने योग्य था। प्रातः 11:00 बजे परशुराम चौक हनुमान मंदिर में पूजन हनुमान चालीसा पाठ आरती होने साथ शांतिपूर्ण रैली का आयोजन किया गया, जो लायंस चौक, बरपाली चौक एवं यादव मोहल्ला होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची।
इस दौरान लगभग 2350 गौ भक्तों द्वारा हस्ताक्षरित प्रार्थना पत्र तहसीलदार महोदय को सौंपा गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों, पशु प्रेमियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए गौ सेवकों की सक्रिय भागीदारी रही।
आज का यह ऐतिहासिक आयोजन उत्साह, ऊर्जा और समर्पण का प्रतीक बनकर पूर्ण सफलता की ओर अग्रसर रहा।
जय गौ माता | जय छत्तीसगढ़ | जय हिंद | जय भारत



