महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

हसौद। महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सक्ती जिले में प्रेसवार्ता आयोजित कर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रेसवार्ता में सारंगढ़ विधायक एवं प्रभारी उत्तरी जांगड़े ने कहा कि भाजपा सरकार महिला आरक्षण लागू करने के नाम पर केवल राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बाद भी अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। भाजपा सरकार जनगणना और परिसीमन का हवाला देकर महिला आरक्षण को वर्ष 2034 तक टालने की कोशिश कर रही है, जो महिलाओं के साथ अन्याय है।
उत्तरी जांगड़े ने कहा कि यदि केंद्र सरकार की नीयत साफ है तो महिला आरक्षण को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए, न कि परिसीमन की प्रक्रिया का इंतजार कराया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला सशक्तिकरण की बात तो करती है, लेकिन जमीन पर उसे लागू करने की इच्छाशक्ति नहीं है।
प्रेसवार्ता में जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ने भी महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस शुरू से महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी देने के पक्ष में रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रश्मि गबेल ने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार देने में देरी करना लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है। कांग्रेस महिलाओं के सम्मान और अधिकार की लड़ाई आगे भी लड़ती रहेगी।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव सुरेन्द्र भार्गव ब्लाक अध्यक्ष कुशल कश्यप,गोपाल भाद्वाज, बलराम दास पांडे,भुनेश्वर चन्द्रा, मधुसुदन साहू,ताम्रध्वज साहू, लखन चन्द्रा,टीकाराम कुर्रे, शिवकुमार साहू,भोजराम हरवंश,गणेश माझी, संजय कोसले,दिलेश्वर चन्द्रा, दिलीप कश्यप,मोहन धीरहे, सीता बाई जारवर,रमेश कश्यप,दुजराम साहू,पवन मानिकपुरी,आनन्द नायक,सुखराम जायसवाल,सन्नी यादव, सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



