CG NEWS:- रेलवे स्टेशन में आरपीएफ जवान ने साथी पर चलाई गोली:- प्रधान आरक्षक की मौत—पोस्ट सील, आरोपी हिरासत में
CG NEWS रायगढ़:- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय में बुधवार तड़के हुए एक सनसनीखेज वारदात ने रेलवे स्टेशन परिसर में हड़कंप मचा दिया। ड्यूटी के दौरान आरपीएफ जवान ने अपने ही साथी प्रधान आरक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 4 बजे रायगढ़ रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ पोस्ट के भीतर हुई। प्रधान आरक्षक एस. लादेर, निवासी जांजगीर, का किसी बात को लेकर अपने बैचमेट पी.के. मिश्रा, निवासी रीवा, से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर लादेर ने अपनी सर्विस 9 एमएम पिस्तौल से लगातार 4 राउंड फायर कर मिश्रा के सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनते ही रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्री और स्टाफ दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही अन्य आरपीएफ जवान मौके पर जुटे और आरोपी एस. लादेर को तत्काल हिरासत में ले लिया।
घटना के बाद आरपीएफ पोस्ट को सील कर दिया गया है और किसी को भी भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं है। उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी गई है। रायपुर से आईजी की टीम के रायगढ़ पहुंचने के बाद आगे की जांच और कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि विवाद के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।


