फरारी पर लगा ब्रेक: अकलतरा पुलिस ने अनाचार केस में फरार वारंटी महावीर कंवर को खेत से दबोचा
जांजगीर-चांपा | 19 नवंबर 2025 | अकलतरा थाना क्षेत्र में अनाचार के मामले में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए वारंटी को आखिरकार पुलिस ने पकड़ लिया है। फरार आरोपी महावीर कंवर (40 वर्ष), पिता बलराम कंवर, निवासी कटनाई, बीते शनिवार रात को पकड़ में आने के बाद पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में भी चिंता का माहौल बना हुआ था।
अनाचार मामले में चल रही थी न्यायालय में पेशी…
महावीर कंवर के खिलाफ थाना अकलतरा में अनाचार का गंभीर मामला दर्ज है, जिसकी पेशी अकलतरा न्यायालय में चल रही थी।
पकड़ा गया आरोपी खेत के किनारे झाड़ियों में छिपा मिला…
जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे के निर्देश पर फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि महावीर कंवर पिछले दो दिनों से अपने गांव कटनाई के खेतों के पास छिपकर ठहरा हुआ है।
सूचना पर थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक भास्कर शर्मा ने तत्काल टीम बनाकर इलाके में घेराबंदी की। देर शाम खेतों की तरफ की झाड़ियों में दबिश दी गई और महावीर कंवर को बिना किसी विरोध के गिरफ्तार कर लिया गया।
4 दिन से सक्रिय थी पुलिस—कई स्थानों पर चल रही थी तलाशी….
फरारी की सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में अकलतरा, जांजगीर और डभरा क्षेत्रों में अलग-अलग टीमें भेजी गई थीं। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों और खेत-खार के इलाकों की निगरानी कर रही थी।
सूत्रों के अनुसार, महावीर कंवर पकड़े जाने के डर से मोबाइल फोन बंद रख रहा था और रात में ही जगह बदल रहा था।



