आ रहा है सबसे बड़ा क्रिकेट वर्ल्ड रिकॉर्ड, मजाक उड़ाना भारत को पड़ सकता है भारी
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच पर पूरी दुनिया की नजरें होंगी क्योंकि मेजबान टीम इंडिया इस समय 0-1 से पिछड़ रही है। आइए जानते हैं कि अगर भारत दूसरा टेस्ट मैच हार गई तो कौन सा सबसे बड़ा क्रिकेट वर्ल्ड रिकॉर्ड बनने के करीब है।
टीम इंडिया और मेहमान दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के बीच दूसरा टेस्ट मैच 22 नवंबर से 26 नवंबर के बीच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम पर खेला जाना है। दक्षिण अफ्रीका को इस समय सीरीज में बढ़त हासिल है।
कोलकाता में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया के बल्लेबाजों बहुत खराब प्रदर्शन किया था, जिसका नतीजा ये रहा कि दक्षिण अफ्रीका ने भारत ने मैच की अंतिम पारी में भारत को 124 रनों का टारगेट भी नहीं बनाने दिया और कुल 93 रन के अंदर पूरे भारतीय बैटिंग ऑर्डर को समेटते हुए 30 रन से जीत दर्ज की।
अगर भारत-दक्षिण अफ्रीका दूसरे टेस्ट मैच को मेहमान दक्षिण अफ्रीकी टीम जीतने में सफल हो गई तो साल 2000 के बाद ऐसा पहली बार होगा जब भारतीय जमीन पर वो मेजबान टीम इंडिया को टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप करके इतिहास रचेगी।
टेम्बा बावुमा बना सकते हैं सबसे बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड
दूसरे टेस्ट मैच में कई आंकड़े बदलेंगे और कई रिकॉर्ड बनेंगे ये तो तय नजर आ रहा है, लेकिन अगर साउथ अफ्रीका गुवाहाटी में जीत हासिल करने में सफल हो गई तो दक्षिण अफ्रीकी टीम के कप्तान टेम्बा बावुमा एक बेहद खास और बहुत बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड को बना देंगे।
दरअसल, दक्षिण अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा की कप्तानी में आज तक उनकी टीम एक भी टेस्ट मैच नहीं हारी है। जिन 11 टेस्ट मैचों में अब तक बावुमा ने कप्तानी की है, उनमें से दस मैचों में दक्षिण अफ्रीका जीती है, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा था। अगर गुवाहाटी टेस्ट मैच में मेहमान दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम जीतने में सफल हो गई तो टेम्बा बावुमा टेस्ट क्रिकेट इतिहास में पहले ऐसे कप्तान बन जाएंगे जिसने अपनी पहली हार से पहले सबसे ज्यादा मुकाबले जीते हों।
किसका रिकॉर्ड तोड़ेंगे टेम्बा बावुमा
अब तक ये रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइक ब्रियरली के नाम दर्ज है, जिन्होंने अपनी कप्तानी के समय मिली पहली हार से पहले 10 टेस्ट मैचों में जीत हासिल की थी। फिलहाल जीत के मामले में बावुमा इस रिकॉर्ड की बराबरी कर चुके हैं और अगर भारत के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच वो जीते तो बावुमा कप्तान के रूप में पहली हार से पहले लगातार 11 जीत दर्ज करके नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना देंगे।
पहले टेस्ट में उड़ाया गया था बावुमा का मजाक
गौरतलब है कि कोलकाता में आयोजित हुए मौजूदा सीरीज के पहले टेस्ट मैच के दौरान टेम्बा बावुमा जब बल्लेबाजी कर रहे थे तो कुछ खिलाड़ियों ने गलत शब्दों का उपयोग करते हुए बावुमा के छोटे कद का मजाक उड़ाया था। बेशक वो शब्द हिंदी में कहे गए थे लेकिन बावुमा ये समझ चुके थे और उसका वीडियो भी काफी वायरल हुआ था। मैच जीतने के बाद दक्षिण अफ्रीकी कोच ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि बावुमा बड़े दिल का खिलाड़ी है। अब देखना ये होगा कि जिस कप्तान का मजाक उड़ाया गया, क्या उसे अगले टेस्ट में इतिहास रचने से रोक सकेगी भारतीय क्रिकेट टीम।



