बनारी गांव के नाले में मिला अकलतरा निवासी प्रवीण सूर्यवंशी का शव, ससुराल पुटपुरा आया हुआ था मृतक; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम बनारी स्थित नाले में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अकलतरा निवासी प्रवीण सूर्यवंशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने ससुराल ग्राम पुटपुरा आया हुआ था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामला हादसा है या हत्या, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों ने उसकी मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।



