जिला पंचायत सीईओ ने पामगढ़ में विकास कार्यों की समीक्षा की, अधूरे आवास जल्द पूरे करने के निर्देश
पीएम आवास, स्वच्छ भारत मिशन और विकसित भारत जी राम जी योजना के कार्यों में तेजी लाने पर जोर, नियमित मॉनिटरिंग और समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश
जांजगीर-चांपा, 28 अक्टूबर 2026। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम ने जनपद पंचायत पामगढ़ के सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विकसित भारत जी राम जी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत, प्रगतिरत और अपूर्ण कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधूरे प्रधानमंत्री आवास जल्द पूरे कराने के निर्देश
जिला पंचायत सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत और निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवास निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग करने और जिन हितग्राहियों के आवास अधूरे हैं, उनसे संपर्क कर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने पंचायत सचिवों और मैदानी अमले को आवासवार प्रगति की समीक्षा करने, लंबित कार्यों के कारणों का पता लगाने और समस्याओं का समाधान कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों एवं निर्माण कार्यों को भी निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए गए।
विकसित भारत जी राम जी योजना के कार्यों में तेजी लाने पर जोर
बैठक में विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत स्वीकृत और प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए तकनीकी सहायकों, पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए।
सीईओ ने कहा कि स्वीकृत कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। प्रत्येक कार्य की नियमित निगरानी की जाए और निर्धारित समय-सीमा में उसे पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, अभिलेखों का उचित संधारण करने और कार्यस्थल की वास्तविक स्थिति के अनुरूप जानकारी दर्ज करने पर भी जोर दिया।
जिन पंचायतों में कार्यों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, उन्हें चिह्नित कर तेजी से काम पूरा कराने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। साथ ही समय पर भौतिक सत्यापन करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का आपसी समन्वय से निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश
जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम ने कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण, कार्यों की प्रगति की समीक्षा और निर्धारित समय-सीमा का पालन जरूरी है।
उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने, योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को दूर करने और ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत उप संचालक बरनसिंह मंडावी, आवास योजना की डीसी श्रेया सिंह, विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रभारी एपीओ गौरव शुक्ला, जनपद पंचायत पामगढ़ के सीईओ मणिशंकर कौशिक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



