रानी रोड स्थित थाना चौक के पास लोगों को डराने-धमकाने की सूचना:-धारदार हथियार जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
जांजगीर-चांपा। सार्वजनिक स्थान पर तलवारनुमा धारदार हथियार लेकर घूमने और लोगों को डराने-धमकाने की सूचना पर चांपा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का तलवारनुमा धारदार हथियार जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि रानी रोड स्थित थाना चौक के पास एक व्यक्ति तलवारनुमा हथियार लेकर घूम रहा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और गवाहों की उपस्थिति में संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
हथियार के दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
पूछताछ में आरोपी की पहचान कमलेश कुमार देवांगन (46 वर्ष), निवासी रानी रोड, चांपा के रूप में हुई। पुलिस ने हथियार रखने के संबंध में वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया, लेकिन आरोपी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने तलवारनुमा लोहे के धारदार हथियार को विधिवत जब्त कर लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना चांपा के निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



