कुलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है राज्य सरकार : प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब


सक्ती |
जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम में हुए आतंकी हमले में सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड के ग्राम बुंदेली निवासी प्रवासी श्रमिक दीपक रात्रे (21) और सारंगढ़-बिलाईगढ़ निवासी भूपेंद्र भैंना की मौत पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
प्रभारी मंत्री ने इस कायराना आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ अपराध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार इस दुख की घड़ी में दोनों परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने कुलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले दोनों श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है, ताकि इस कठिन समय में परिवारों को आर्थिक संबल मिल सके।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल की जा रही है। सुरक्षा और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए दोनों दिवंगतों का अंतिम संस्कार जम्मू-कश्मीर में ही परिजनों की उपस्थिति में कराया गया।
उन्होंने बताया कि ग्राम बुंदेली निवासी दीपक रात्रे करीब एक वर्ष पहले अपने परिवार के साथ जम्मू-कश्मीर के एक ईंट-भट्ठे में मजदूरी करने गए थे। उनके साथ उनकी पत्नी और भाई भी वहीं कार्यरत थे। दीपक अपने पीछे पत्नी, एक मासूम बेटे और अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। इस दुखद घटना से पूरे छत्तीसगढ़ में शोक का माहौल है।
अंत में प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा से दिवंगत दीपक रात्रे और भूपेंद्र भैंना की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।



