हसौद थाना में ग्राम कोटवारों की बैठक, संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी रखने के दिए निर्देश
सक्ति – हसौद। पुलिस अधीक्षक सक्ती के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) चंद्रपुर के मार्गदर्शन में रविवार को थाना हसौद में क्षेत्र के सभी ग्राम कोटवारों की बैठक आयोजित की गई।


बैठक में थाना प्रभारी हसौद ने सभी कोटवारों को अपने-अपने गांवों में आने वाले अवैध प्रवासियों, मुसाफिरों, फेरीवालों तथा किरायेदारों का पूरा विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके लिए प्रत्येक कोटवार को एक रजिस्टर में संबंधित व्यक्ति का नाम, पता, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, पैन कार्ड नंबर, स्थायी पता, गांव में आने और जाने की तिथि व समय, पहचान कराने वाले व्यक्ति का नाम-पता, फोटो एवं हस्ताक्षर सहित अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज करने को कहा गया।
साथ ही निर्देशित किया गया कि यदि किसी व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हों तो उसकी सूचना तत्काल थाना हसौद को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक के दौरान सभी ग्राम कोटवारों को रिकॉर्ड संधारण के लिए रजिस्टर (कॉपी) और पेन भी वितरित किए गए। पुलिस ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना तथा अपराधों की रोकथाम में जनसहयोग बढ़ाना है।



