सक्ती में पहली बार पीएम राहत कैशलेस योजना के तहत सड़क दुर्घटना के दो घायलों का मुफ्त इलाज, अस्पतालों को मिला भुगतान
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में योजना का सफल क्रियान्वयन, 7 दिन तक या ₹1.50 लाख तक मिलता है निःशुल्क उपचार
सक्ती। प्रधानमंत्री राहत कैशलेस आपातकालीन उपचार योजना के तहत सक्ती जिले में सड़क दुर्घटना में घायल दो मरीजों का सफलतापूर्वक निःशुल्क इलाज किया गया है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में योजना के तहत पहली बार जिले में घायलों का उपचार करने वाले अस्पतालों को भुगतान भी जारी कर दिया गया है।
योजना से लाभान्वित होने वाले मरीजों में सक्ती निवासी काशीराम मन्नेवार और पलटू राम शामिल हैं। जिला प्रशासन के अनुसार अब जिले में इस योजना के संचालन की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, जिससे पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के बाद 7 दिनों तक या अधिकतम ₹1.50 लाख तक का उपचार सरकार द्वारा पंजीकृत अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने बताया कि प्रधानमंत्री राहत कैशलेस आपातकालीन उपचार योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन ऑवर’ में समय पर उपचार सुनिश्चित कर मृत्यु दर को कम करना है। पात्रता की पुष्टि पुलिस, अस्पताल, एम्बुलेंस या संबंधित पोर्टल के माध्यम से होने के बाद मरीज का कैशलेस इलाज तत्काल शुरू किया जाता है।
जिला प्रशासन ने बताया कि योजना के सफल क्रियान्वयन में पुलिस विभाग, आरटीओ विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA), स्वास्थ्य विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



