सक्ती। सक्ती पुलिस ने बंद मकान में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सोनी कंपनी का साउंड बॉक्स बरामद कर लिया है, जबकि चोरी की गई नगदी आरोपियों द्वारा खर्च कर दी गई।
पुलिस के अनुसार स्टेशन पारा निवासी नीरज अग्रवाल 5 जुलाई को परिवार सहित नासिक एवं ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए गए थे। 13 जुलाई को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य ताला सही था, लेकिन अंदर के दरवाजे बंद थे। छत के रास्ते घर में प्रवेश करने पर छत का दरवाजा टूटा मिला। जांच में दुकान के गल्ले से करीब 3,500 रुपये नकद और सोनी कंपनी का साउंड बॉक्स (कीमत लगभग 5,500 रुपये) चोरी होना पाया गया। कुल 9 हजार रुपये की चोरी हुई थी।
घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर 9 जुलाई की रात करीब 1:50 बजे एक युवक घर में घुसकर चोरी करते हुए दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और एक विधि से संघर्षरत बालक की पहचान की। पूछताछ में उसने अपने साथियों दीपक सतनामी, विक्की यादव उर्फ रक्षा यादव और खगेश कुमार यादव उर्फ खोरू के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और नकदी व साउंड बॉक्स चोरी कर लिया। पुलिस ने आरोपी खगेश कुमार यादव उर्फ खोरू के कब्जे से चोरी गया साउंड बॉक्स बरामद कर लिया, जबकि नगदी खर्च किए जाने की जानकारी मिली।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद किशोर न्याय बोर्ड, जांजगीर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।



