सावन में महाकाल यादराम बाबा धाम में उमड़ेगी आस्था, 2 अगस्त से शुरू होगा जलाभिषेक
भेड़ीकोना की बोराई-सोन नदी संगम से कांवड़ में जल लाकर श्रद्धालु करेंगे बाबा का अभिषेक, रविवार और गुरुवार को रहेगा विशेष आयोजन
सक्ती/मालखरौदा। सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड के ग्राम डोंगरीडीह स्थित महाकाल यादराम बाबा धाम में सावन माह को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इस वर्ष सावन मास 30 जुलाई (गुरुवार) से प्रारंभ होकर 28 अगस्त तक रहेगा। बाबा धाम में सावन के प्रथम रविवार 2 अगस्त से जलाभिषेक का सिलसिला शुरू होगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर के संचालक धनीराम साहू ने बताया कि प्रत्येक वर्ष सावन माह में भव्य कांवड़ जल यात्रा निकाली जाती है। इस दौरान महाकाल यादराम बाबा के भक्त भेड़ीकोना स्थित बोराई और सोन नदी के संगम से कांवड़ में पवित्र जल भरकर कई किलोमीटर पैदल यात्रा करते हुए डोंगरीडीह स्थित बाबा धाम पहुंचते हैं और भगवान का जलाभिषेक करते हैं।
महाकाल यादराम बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। बड़ी संख्या में पुरुषों के साथ महिलाएं भी कांवड़ यात्रा में भाग लेती हैं। भक्तों का मानना है कि जो भी श्रद्धा और विश्वास के साथ अपनी पीड़ा लेकर बाबा के दरबार में पहुंचता है, वह कभी खाली हाथ नहीं लौटता और उसकी मनोकामना पूरी होती है। यही कारण है कि सावन माह में दूर-दूर से श्रद्धालु बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।
बाबा यादराम धाम में रविवार और गुरुवार का विशेष महत्व माना जाता है। इसी परंपरा के अनुसार सावन माह में प्रत्येक रविवार को विशेष जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर मंदिर समिति ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।



