250 घरों में सोलर लगते ही पंचायत को मिलेंगे 50 लाख, बिजली बिल भी होगा शून्य
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना
सक्ती। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सक्ती जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान शुरू किया गया है। योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़कर बिजली बिल शून्य करना और गांवों के विकास को नई गति देना है।
जिला पंचायत से मिली जानकारी के अनुसार, जिस ग्राम पंचायत में सबसे पहले 250 घरों में सोलर पैनल स्थापित हो जाएंगे, ऐसी पहली तीन ग्राम पंचायतों को बीवी जी राम जी योजना के तहत 50-50 लाख रुपये तक के विकास कार्यों की स्वीकृति दी जाएगी। इस राशि का उपयोग सड़क, नाली, सामुदायिक भवन सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों में किया जा सकेगा।
योजना से ग्रामीणों को बिजली बिल में बड़ी बचत, निर्बाध बिजली आपूर्ति और पर्यावरण संरक्षण का लाभ मिलेगा। वहीं पंचायतों को अतिरिक्त वित्तीय सहायता मिलने से गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।
जिला पंचायत ने सभी सरपंचों और ग्रामीणों से अधिक से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से जोड़ने, जागरूकता अभियान चलाने तथा जरूरत के अनुसार शिविर आयोजित कर लक्ष्य जल्द पूरा करने की अपील की है। योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए संबंधित जनपद पंचायत या जिला पंचायत सक्ती कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

