जांजगीर-नैला नगर पालिका की सामान्य सभा में हंगामा, पीएम आवास और खरीदी में अनियमितता के आरोप
16 बिंदुओं पर हुई चर्चा, कांग्रेस पार्षदों ने स्थायी सीएमओ की नियुक्ति और वार्डों में विकास कार्यों को लेकर उठाए सवाल; नगर पालिका अध्यक्ष ने आरोपों को बताया विकास विरोधी
जांजगीर-नैला। नगर पालिका जांजगीर-नैला में लंबे समय बाद शनिवार शाम 4 बजे सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। नगर पालिका अध्यक्ष रेखा गढ़ेवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रभारी सीएमओ, भाजपा-कांग्रेस समर्थित पार्षद और एल्डरमेन शामिल हुए। नगर क्षेत्र के विकास से जुड़े 16 बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान कांग्रेस पार्षदों ने आर्थिक अनियमितता, प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित लेनदेन और खरीदी प्रक्रिया को लेकर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
कांग्रेस पार्षदों ने लगाए अनियमितता के आरोप
नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष प्रिंस शर्मा सहित कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि स्थायी सीएमओ नहीं होने के कारण सामान्य सभा की बैठक में देरी हो रही है और पार्षदों को जरूरी जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। उन्होंने अपने चहेते ठेकेदारों को काम देने, वार्डों में सफाई और विकास कार्यों की अनदेखी करने तथा एसी और कंप्यूटर की मनमानी खरीदी किए जाने के आरोप भी लगाए।
कांग्रेस पार्षदों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में हितग्राहियों से पैसे के लेनदेन का मुद्दा उठाते हुए मामले की जांच की मांग की।
नगर पालिका अध्यक्ष ने आरोपों को बताया विकास विरोधी
वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा गढ़ेवाल ने कांग्रेस पार्षदों के आरोपों को विकास विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए शासन को लगातार मांग पत्र भेजे जा रहे हैं और विभिन्न कार्यों के लिए राशि स्वीकृत कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने 16 नए विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए भी प्रस्ताव भेजने की बात कही।
पीएम आवास में गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई का दावा
प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर अध्यक्ष रेखा गढ़ेवाल ने कहा कि आवास निर्माण में कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई कर्मचारी या ठेकेदार हितग्राहियों से पैसे की मांग करते पाया गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



