रामलला दर्शन योजना का लाभ पात्र व जरूरतमंदों को प्राथमिकता से दिलाएं: सांसद कमलेश जांगड़े
दिशा समिति की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सक्ती। जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में बुधवार को लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित केंद्र व राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
सांसद जांगड़े ने श्री रामलला दर्शन योजना का लाभ जिले के पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को प्राथमिकता से दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने की आवश्यकता है।

बैठक में सांसद ने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कार्य पूर्ण होने के बाद ही संबंधित ठेकेदारों को भुगतान करने के निर्देश दिए। पशु टीकाकरण के लिए गांवों में पूर्व से मुनादी कराने और पंचायतों को टीकाकरण की तारीख, स्थान व समय की जानकारी देने को कहा।
खाद्य विभाग की समीक्षा में उचित मूल्य दुकानों के व्यवस्थित संचालन पर जोर दिया गया। वहीं, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पलाड़ीखुर्द की व्यवस्थाओं को लेकर सांसद ने नाराजगी जताते हुए साफ-सफाई, भोजन एवं आवास सहित सभी व्यवस्थाएं बेहतर करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा स्वच्छता, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन, जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री के.एस. पैकरा सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



