सक्ती में ट्रैफिक पुलिसकर्मी के घर निकला विषैला करैत सांप, वन विभाग और सर्पमित्र ने किया सफल रेस्क्यू
सक्ती शहर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित ऑफिसर कॉलोनी में शनिवार रात एक घर में अत्यंत विषैला कॉमन करैत सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सर्पमित्र मयंक ठाकुर और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित रेस्क्यू कर सांप को प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे ट्रैफिक पुलिसकर्मी संदीप साहू के घर में सांप दिखाई देने की सूचना सर्पमित्र मयंक ठाकुर को दी गई। मौके पर पहुंचकर उन्होंने वन विभाग सक्ती को सूचना दी, जिसके बाद संयुक्त कार्रवाई करते हुए कॉमन करैत सर्प का सफल और सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
सर्पमित्रों के अनुसार, कॉमन करैत भारत के सबसे विषैले सांपों में से एक माना जाता है। इसका जहर बेहद खतरनाक और जानलेवा होता है। हर साल बड़ी संख्या में लोग इस विषैले सर्प के संपर्क में आने से अपनी जान गंवाते हैं।
इन दिनों सक्ती मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में विषैले सांपों के निकलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसे देखते हुए सर्पमित्र मयंक ठाकुर ने लोगों से सतर्क रहने और सर्प दिखाई देने पर छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि रात में टॉर्च का उपयोग करें, घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, बच्चों को अकेले बाहर न भेजें तथा किसी भी प्रकार के अंधविश्वास पर भरोसा न करें। सर्प दिखाई देने पर तुरंत रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें। वहीं सर्पदंश की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है।



