सीबीआई ने पकड़ा घूसखोर क्लर्क, पीएफ का पैसा निकालने खदान कर्मी से मांगी थी रिश्वत…
कोरबा। पीएफ का पैसा निकालने के लिए खदान कर्मी से रिश्वत मांगने वाले एसईसीएल कुसमुंडा के सीएमपीएफ विभाग में कार्यरत क्लर्क को सीबीआई की टीम ने रविवार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया. सीबीआई की कार्रवाई से कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है.
जानकारी के अनुसार, खदान कर्मी ने पीएफ का पैसा निकालने के लिए सीएमपीएफ विभाग में पदस्थ क्लर्क मनोहर लाल कौशिक से संपर्क किया था. क्लर्क ने पैसा निकालने के लिए कई बार चक्कर लगवाया, और अंत में रिश्वत की मांग की. इस पर खदान कर्मी ने सीबीआई को जानकारी दी. मामले की पड़ताल करने के बाद सीबीआई ने रिश्वत मांगने वाले मनोहर लाल कौशिक को पकड़ने के लिए रणनीति बनाई.
रणनीति को अंजाम देते हुए भिलाई से दो गाड़ियों में सीबीआई की टीम कुसमुंडा पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से रिश्वत लेने वाले मनोहर लाल कौशिक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया. क्लर्क के पकड़े जाने के बाद कार्यालय में अजीब सा सन्नाटा पसरा हुआ है. सीबीआई की इस कार्रवाई से खदान कर्मियों में खुशी देखने को मिल रही है.



