प्रधानमंत्री आवास पर चला जेसीबी, न्याय के लिए भटक रही पीड़िता; एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई गुहार
चोरिया गांव में 8 से 10 साल पुराने आवास को तोड़ने का आरोप, कुमार साहू, लाला साहू और बाबा साहू पर लगाए गंभीर आरोप; सरागांव थाने में शिकायत के बाद अब एसपी से की कार्रवाई की मांग
जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम चोरिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकान को जेसीबी से तोड़ने का मामला सामने आया है। पीड़िता शकुंतला साहू का आरोप है कि कुमार साहू, लाला साहू और बाबा साहू ने कथित तौर पर दबंगई दिखाते हुए उनके पिता रिंगलिया साहू के करीब 8 से 10 साल पुराने प्रधानमंत्री आवास को जेसीबी से जमींदोज कर दिया।
सरागांव थाने में शिकायत, कार्रवाई नहीं होने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, घटना को लेकर उन्होंने सरागांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से उन्हें न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है। इसी के चलते उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर दोबारा आवेदन और ज्ञापन सौंपा है।
गरीब परिवार के आवास को किसके आदेश पर तोड़ा?
इस मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर गरीब परिवार के प्रधानमंत्री आवास को किसके आदेश पर जेसीबी से तोड़ा गया? शिकायत के बाद भी अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? पीड़िता को न्याय कब मिलेगा?
फिलहाल, पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों पर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और मामले की जांच का इंतजार है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



