महानायक के लिए लिखी कहानी कैसे बनी ‘खलनायक’, संजय दत्त से पहले लाइन में थे ‘बल्लू’ के रोल के लिए ये सितारे
हैदराबाद: बॉलीवुड में इस वक्त संजय दत्त का सितारा बुलंदियों पर है. बाबा जिस फिल्म में भी कदम रख रहे हैं वो 1000 करोड़ रुपये से कम नहीं कमा रही हैं. उनकी दो पिछली फिल्में धुरंधर और धुरंधर 2 हैं, जो कुल मिलाकर 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है. धुरंधर की सफलता के बीच संजय दत्त ने अपन मेगा-ब्लॉकबस्टर फिल्म खलनायक (1993) के सीक्वल का ऐलान कर दिया है.
खलनायक रिटर्न्स से संजय दत्त का बल्लू बलराम वाला जबरदस्त और दमदार फर्स्टलुक सामने आया है. खलनायक रिटर्न्स से आए संजय दत्त के फर्स्ट लुक पोस्टर उनके फैंस को चौंका दिया है. अब उनको फिल्म की रिलीज और बाकी स्टारकास्ट के नाम का इंतजार है. इससे पहले बात करेंगे आज से 33 साल पहले रिलीज हुई फिल्म खलनायक ने देश में क्या गदर मचाया था.
33 साल पहले किया था धमाका
6 अगस्त 1993 को देशभर में रिलीज हुई फिल्म खलनायक को सुभाष घई ने डायरेक्ट किया था. फिल्म में संजय दत्त, माधुरी दीक्षित, जैकी श्रॉफ, राखी गुलजार अहम रोल में थे. उस वक्त में 3 से 5 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तकरीबन 25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. फिल्म का गाना ‘चोली के पीछे क्या है’ आज भी लोगों की पसंद बना हुआ है.
फिल्म ‘खलनायक’ के अनसुने फैक्ट्स
खबरों की मानें तो बल्लू के लिए पहली पसंद नाना पाटेक थे. सुभाष घई बल्लू के किरदार के लिए पहले नाना पाटेकर को लेने पर विचार कर रहे थे. क्योंकि वह फिल्म में एक मिडिल एजेड किरदार चाहते थे, लेकिन बाद में कहानी को बदलकर इसमें एक ‘मिसगाइड यूथ’ की कहानी को जोड़ दिया गया, जिसके बाद संजय दत्त को बल्लू के लिए चुना गया.
कहा जाता है कि बल्लू के रोल के लिए अनिल कपूर का नाम भी सामने आया था. अनिल कपूर ‘बल्लू’ का रोल करने के लिए बहुत उत्सुक थे और उन्होंने सुभाष घई से इसके लिए बात भी की थी, लेकिन घई पहले ही संजय दत्त को साइन कर चुके थे.
खबरों की मानें तो फिल्म खलनायक का कनेक्शन अमिताभ बच्चन की ‘देवा’ से बताया जाता है. दरअसल, ‘खलनायक’ की कहानी मूल रूप से अमिताभ बच्चन की बंद हो चुकी फिल्म ‘देवा’ पर बेस्ड थी, जिस पर दोबारा काम कर नई कहानी में बदला गया.
खलनायक फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि साल 1993 में मुंबई धमाकों के दौरान संजय दत्त की गिरफ्तारी हुई थी, जिससे फिल्म की रिलीज पर संकट आ गया था, लेकिन सुभाष घई ने किसी तरह काम पूरा किया.
कब रिलीज होगी खलनायक रिटर्न्स ?
शुक्रवार को संजय दत्त ने अपने इंस्टाग्राम पर ‘खलनायक रिटर्न्स’ का फर्स्ट लुक अनाउंस किया है और कैप्शन में फायर इमोजी के साथ लिखा है, कुछ कहानी खत्म नहीं होती, वो दुबारा शुरू होती है. खलनायक रिटर्न्स’.
1 मिनट 12 सेकेंड के इस फर्स्ट लुक वीडियो में जेल का सीन दिखाया जाता है, जहां हर जगह आग लगी होती है. इस दौरान संजय दत्त की एंट्री होती है. वह जंजीरों को तोड़कर एक घायल शख्स के पास पहुंचते हैं. इसके बाद का सीन का दमदार होता है. वह जमीन पर लगी आग को अपनी उंगलियों पर लेते हुए सिगरेट जलाता है. बैकग्राउंड में 1993 की कल्ट फिल्म ‘खलनायक’ का टाइटल ट्रैक ‘नायक नहीं खलनायक हूं मैं’ बजता है.
घायल शख्स संजय दत्त के किरदार से माफी मांगता है. इस बीच संजय एक दमदार डायलॉग बोलते हैं, ‘बोला था न 10 अक्टूबर, रात के 10 बजे, बल्लू जेल से फुर्रररररर.’ इसके बाद वह फिल्म ‘खलनायक’ का टाइटल ट्रैक गाते हैं. इसके बाद वह वहां से उस घायल शख्स को वहीं छोड़कर चले जाते हैं. कहा जा रहा है कि फिल्म अक्टूबर में रिलीज हो सकती है.



