मिसाइल हमलों के बीच दुबई में फंसीं अमीषा पटेल, मुंबई लौटना हुआ मुश्किल, शेयर की अपडेट
एक्ट्रेस अमीषा पटेल इन दिनों परेशान हैं. इजरायल-यूएस और ईरान के बीच चल रहे युद्ध की वजह से उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. सोमवार, 4 मई की शाम को अमीषा ने अपने X अकाउंट पर अपनी सिचुएशन की अपडेट दी. एक्ट्रेस युद्ध के बीच दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई घंटों तक फंसी रहीं. ऐसा हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हुए मिसाइल हमलों के बाद उनकी न्यूयॉर्क से मुंबई कनेक्टिंग फ्लाइट के मस्कट की ओर डायवर्ट होने से हुआ.
दुबई में फंसीं अमीषा पटेल
अपने X अकाउंट पर अमीषा ने लिखा, ‘न्यूयॉर्क से मुंबई वापस आ रही थीं एमिरेट्स से. जैसे ही हम दुबई में लैंडिंग करने वाले थे, UAE के एयरस्पेस को ईरान के ताजा मिसाइल हमलों के कारण बंद कर दिया गया. अब हमें मस्कट की ओर डायवर्ट कर दिया गया है और आगे की अपडेट का इंतजार कर रहे हैं. यह युद्ध कब खत्म होगा. प्रार्थना कर रही हूं.’
कुछ घंटों बाद मंगलवार, 5 मई की सुबह उन्होंने दुबई एयरपोर्ट के अंदर की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए एक और अपडेट शेयर किया. उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘दुबई एयरपोर्ट पर घंटों से इंतजार कर रही हूं, और इंतजार अभी भी जारी है. घर पहुंचने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रही हूं.’
अमीषा पटेल ने एयरपोर्ट लाउंज की दूसरी तस्वीर भी शेयर की. इसमें वे अपनी टीम के दो अन्य सदस्यों के साथ दिख रही हैं. तीनों एक टेबल के चारों ओर बैठे नजर आए. एक्ट्रेस ने लिखा, ‘न्यूयॉर्क सिटी से निकले 24 घंटे हो चुके हैं और मुंबई पहुंचने के लिए अब भी घंटों की गिनती चल रही है. एयरपोर्ट लाउंज में अनंत तक का इंतजार.’
अमेरिका-ईरान में चल रहा घमासान
अमेरिका ने सोमवार, 4 मई को ईरान द्वारा दागी गई कई मिसाइलों और ड्रोन्स को मार गिराया था. ये यूएस नेवी और कमर्शियल जहाजों को निशाना बना रहे थे. एक टॉप अमेरिकी एडमिरल ने बताया कि तेहरान की छह छोटी नावों को भी नष्ट कर दिया गया. यह झड़प तब हुई जब अमेरिकी बल ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ के तहत कमर्शियल शिपिंग को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित निकालने की कोशिश कर रहे थे. इस बात का ऐलान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार, 3 मई को किया था.
रक्षा मंत्रालय ने X पर कहा, ‘UAE का एयर डिफेंस फिलहाल ईरान से आए मिसाइल हमलों और आने वाले ड्रोन्स से निपट रहा है. रक्षा मंत्रालय इस बात की पुष्टि करता है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में सुने गए धमाकों की आवाज UAE एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन्स को रोकने का नतीजा है. UAE एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय रूप से मिसाइलों और UAV खतरों से मुकाबला कर रहा है.’
अमेरिका और इजरायल की सेनाओं ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किया था, जिसके बाद इस्लामिक रिपब्लिक ने तेल और गैस निर्यात के महत्वपूर्ण रास्ते स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया. बाद में अमेरिकी बलों ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी कर दी. ईरानी स्टेट टेलीविजन ने सोमवार को बताया कि देश की नौसेना ने स्ट्रेट में गुजर रहे अमेरिकी डिस्ट्रॉयर्स के पास क्रूज मिसाइलें, रॉकेट और कॉम्बैट ड्रोन्स दागे, जिसे उन्होंने ‘चेतावनी भरा शॉट’ बताया.



